
यूपी के बाराबंकी में भीषण सड़क हादसा हुआ है. हरियाणा के पलवल से बिहार जा रही एक वॉल्वो बस को पीछे से एक ट्रक ने टक्कर मार दी. टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि मौके पर ही 18 लोगों की मौत हो गई. हादसे में 20 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं.
हादसे पर बिहार के सीएम नीतीश कुमार ने दुख जताते हुए ट्वीट किया है.
“बाराबंकी में हुआ बस हादसा अत्यंत दुखद है. मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना एवं घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना करता हूं. इस घटना में बिहार के 12 मृतकों के परिजनों को 2-2 लाख सहायता तथा घायलों के समुचित इलाज एवं उन्हें बिहार लाने हेतु आवश्यक निर्देश दिया गया है.”
हादसा अयोध्या-लखनऊ हाइवे पर बाराबंकी के रामसनेही घाट के पास हुआ. हरियाणा के पलवल से चली बस में ज्यादातर मजदूर सवार थे, जो बिहार लौट रहे थे. बस में खराबी आ गई थी जिसे ठीक करने का प्रयास हो रहा था. इस दौरान बस में बैठे लोग बाहर आ गए. कुछ लोग बस के किनारे और कुछ बस के सामने लेट गए. तभी रात के अंधेर में पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बस में टक्कर मार दी. इससे कई लोग बस के नीचे दब गए.